पीलीभीत , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक विवाहित महिला से निकाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुकड़ी खेड़ा निवासी इरशाद अंसारी उर्फ नन्हे पर महिला का यौन शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए धमकाने के आरोप लगे हैं। पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी ने महिला को तीन बीघा जमीन देने का लालच दिया और उसे बरेली जिले के नवाबगंज क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान में ले गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उस पर अपने पति को छोड़कर धर्म परिवर्तन करने और निकाह करने का दबाव बनाया। पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर वह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रारंभ में स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई में लापरवाही बरती, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित