पीलीभीत , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिला मुख्यालय से सटे बख्शपुर गांव में शनिवार देर रात दो तेंदुओं की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। यह गांव ऑफिसर्स कॉलोनी के ठीक पीछे स्थित है। घटना अर्धरात्रि की बताई जा रही है, जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। तेंदुओं की गतिविधियां गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। फुटेज में दोनों तेंदुए बेखौफ होकर गलियों में घूमते नजर आ रहे हैं।

रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। तेंदुओं की मौजूदगी की खबर फैलते ही गांव में भय का माहौल बन गया। लोग शाम ढलने के बाद घरों से निकलने से बच रहे हैं और बच्चों को भी बाहर जाने से रोक रहे हैं।

सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में तेंदुओं के पदचिह्नों की जांच की। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, अंधेरे में अकेले बाहर न निकलने तथा पशुपालकों को अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित