पीलीभीत , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम श्रीनगर गौंटिया में शनिवार को एक तेंदुए का शव गन्ने के खेत में मिला। तेंदुआ पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में सक्रिय था, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
सूचना मिलने पर खुटार सामाजिक वानिकी रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से गांव पटिहन और आसपास के इलाकों में तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही थी। गुरुवार देर रात उसे नेतापुर की आबादी में भी घुसते हुए देखा गया था, जिससे लोगों में भय व्याप्त था।
रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेंदुआ पिछले कुछ समय से बीमार प्रतीत हो रहा था और संभवतः इसी कारण वह आबादी के निकट गन्ने के खेतों में रह रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मृत्यु हो गई। शनिवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने श्रीनगर गौंटिया से सटे गन्ने के खेत में तेंदुए का शव देखा, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित