पीलीभीत एक नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत नगर से समीप लदपुरा गांव में जंगली जानवरों के शिकार को लगाये गए जाल में शनिवार सुबह ग्रामीणों ने एक खेत में ढाई महीने के तेंदुए के शावक को फंसा देख वन विभाग को सूचित किया।
सूचना पाकर वन विभाग में हलचल मच गई क्योंकि आज ही क्षेत्र में वन मंत्री का आगमन निर्धारित था। डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान प्रारंभ किया। एक घंटे के परिश्रम के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लेने में सफलता पा ली। मौके पर ग्रामीणों की जमा भीड़ को पुलिस और वन कर्मियों ने नियंत्रित किया।
इस घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी सतर्क हो गए। क्षेत्र में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुए का बाकी परिवार भी आसपास के जंगलों में मौजूद हो सकता है। इसलिए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने शिकार के लिए लगाए जा रहे जालों की जांच कराकर ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने मीडिया को बताया कि शनिवार को सुबह सूचना मिली थी कि खेत में जाल में एक तेंदुआ फंसा है। जिस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया रेस्क्यू शावक लगभग ढाई महीने का है और अभी सुरक्षित है। वेटरनरी जांच के बाद उसकी गतिविधियां सामान्य होने पर अनुमति मिलने पर शावक को जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित