पीलीभीत , फरवरी 3 -- यूजीसी बिल के विरोध में 26 जनवरी को इस्तीफा देकर चर्चा में आए बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री मंगलवार को बीसलपुर पहुंचे। सनातनी समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने एससी-एसटी एक्ट और प्रस्तावित यूजीसी एक्ट-2026 पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट को समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि सात फरवरी तक निर्णय न हुआ तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि एससी-एसटी एक्ट का दुरुपयोग कर सनातनी और ओबीसी समाज को प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार को देश की 85 प्रतिशत आबादी की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से संसद का विशेष सत्र बुलाकर कानून खत्म करने की मांग की और दावा किया कि जनसमर्थन घटने से भाजपा का आधार कमजोर हो चुका है।
यूजीसी एक्ट-2026 पर उन्होंने कहा कि 15 जनवरी को गजट देखने के बाद उन्हें लगा कि यह कानून सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देगा। इसी कारण उन्होंने सेवा छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने समाज से एकजुट होकर दोनों मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाने और आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित