पीलीभीत , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को एक बेहद दुर्लभ और रोमांचक दृश्य देखने को मिला। चूका रेंज के पास मुख्य मार्ग पर एक ही रास्ते पर दो बाघ और एक भालू साथ-साथ चलते हुए दिखाई दिए। इस अनोखे पल को पर्यटकों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन्य जीव विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से टाइगर रिजर्व की लोकप्रियता भी बढ़ रही है। आमतौर पर बाघ और भालू जैसे बड़े वन्यजीव एक-दूसरे से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन वायरल वीडियो में दोनों प्रजातियों को एक ही मार्ग पर शांतिपूर्वक चलते हुए देखा गया। पहले सड़क पर दो बाघ टहलते हुए दिखाई दिए, तभी दूसरी दिशा से एक विशालकाय भालू भी उसी रास्ते पर आ गया। तीनों के बीच किसी प्रकार का टकराव नहीं हुआ ये आश्चर्य जनक था। वे कुछ दूरी बनाकर आगे बढ़ते रहे।
छाया चित्र के एक ही फ्रेम में तीन बड़े वन्यजीवों को देखना पर्यटकों के लिए बेहद रोमांचक और यादगार अनुभव बन गया। जंगल सफारी के दौरान ऐसा दृश्य कम ही देखने को मिलता है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में फैला यह रिजर्व लगभग 73,024.7 हेक्टेयर (करीब 730 वर्ग किलोमीटर) क्षेत्र में विस्तृत है। इसमें 60,279 हेक्टेयर कोर क्षेत्र और 12,745 हेक्टेयर बफर जोन शामिल है। नेपाल सीमा से सटे घने साल के जंगल और ऊंची घास के मैदान वन्यजीवों के लिए अनुकूल आवास प्रदान करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित