चेन्नई , मार्च 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सोमवार सुबह यहाँ पहुंचे और तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों से मुलाकात कर सीट बंटवारे से संबंधित समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत शुरू की।
तमिलनाडु के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी श्री गोयल नयी दिल्ली से लगभग 10ः00 बजे यहाँ हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहाँ प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
श्री गोयल ने पूर्व केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री जी के वासन की तमिल मनीला कांग्रेस (टीएमसी), ए सी शनमुगम की न्यू जस्टिस पार्टी (एनजेपी), पारिवेंधर के नेतृत्व वाली आईजेके और जॉन पांडियन की तमिलगा मक्कल मुनेत्र कषगम (टीएमएमके) जैसे भागीदारों के साथ सीट साझाकरण वार्ता शुरू की।
रिपोर्ट के अनुसार टीएमसी और आईजेके ने छह-छह सीटों की मांग की है, जबकि अन्य दो पार्टियां कम से कम दो-दो सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थीं।
शहर के एक होटल में वार्ता चल रही है और आज ही इन दलों के साथ समझौता होने की उम्मीद है। बाद में, श्री गोयल पूर्व केंद्रीय मंत्री और नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद डॉ. अंबुमणि के नेतृत्व वाले पट्टाली मक्कल कच्ची (पीएमके) और टीटीवी दिनाकरण की अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के साथ बातचीत करेंगे, जो अलगाव के बाद फिर से राजग खेमे में लौट आए हैं। सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस (एसपीए) से मुकाबला करने के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने के लिहाज से ये बैठकें काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
श्री गोयल राज्य के इन सहयोंगियों से बातचीत के बाद राज्य के प्रमुख सहयोगी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के कार्यालय जाएंगे और बातचीत कर सीटों की अंतिम संख्या तय करेंगे। आज ही सीट साझाकरण समझौते पर भी हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है। सीट साझाकरण समझौतों पर हस्ताक्षर होने के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की भी पहचान की जाएगी।
इस बीच, श्री वासन ने श्री गोयल से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा, "हमने टीएमसी कैडरों की इच्छा के अनुसार चुनाव लड़ने के लिए सीटों की संख्या दे दी है। हमें उम्मीद है कि वे अनुकूल निर्णय के साथ आएंगे।"चुनावों में एक कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा जिसमें मुख्य खिलाड़ी दुर्जेय सत्तारूढ़ द्रमुक के नेतृत्व वाला सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस (एसपीए), अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाला राजग, अभिनेता विजय की नवजात तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) शामिल होंगे साथ ही इस मुकाबले में एक अन्य अभिनेता-निर्देशक सीमन की पार्टी नाम तमिलर कत्छी (एनटीके) भी अपना दमखम दिखाएगी। डॉ. एस रामदास के पीएमके गुट और दिवंगत अन्नादर नेता जे जयललिता की करीबी सहयोगी वी के शशिकला द्वारा बनाई गई नई पार्टी ऑल इंडिया पुरच्चि थलैवर मक्कल मुनेत्र कषगम (एआईपीटीएमएमके) के नेतृत्व वाले एक अन्य छोटे मोर्चे की उपस्थिति से यह मुकाबला पांच कोणीय होगा और कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
विजय ने खुले तौर पर घोषणा की थी कि टीवीके गठबंधन के लिए तैयार है और सत्ता में आने पर सत्ता साझा करने के लिए भी तैयार है, लेकिन उनकी पार्टी किसी के साथ भी गठबंधन नहीं कर सकी। एनटीके भी हमेशा की तरह अकेले ही चुनावों में उतरेगी। एनटीके ने राज्य के सभी 234 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। श्री सीमन ने भी उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए दक्षिणी शिवगंगा जिले के कराईकुडी से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
रिपोर्टों के अनुसार, अन्नाद्रमुक 165-170 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक थी, हालांकि इस बार भाजपा के 2021 के चुनावों में 20 सीटों के मुकाबले 30 से 35 सीटों के बीच चुनाव लड़ने की संभावना है। पीएमके (14-16), एएमएमके (10) और टीएमसी (4) को मिलकर 30 सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि शेष संख्या आईजेके, एनजेपी, एआईएफबी, टीएमएमके, पुथिया तमिलगाम और पुरत्छी भारतम को आवंटित की जानी है, जिनमें से कुछ भाजपा के "कमल" चिन्ह के तहत और कुछ अन्य अन्नाद्रमुक के 'दो पत्ती' चिन्ह के तहत चुनाव लड़ेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित