नयी दिल्ली , जनवरी 6 -- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल गुरुवार से दो दिवसीय महत्वपूर्ण आधिकारिक वार्ता के लिए ब्रुसेल्स जा रहे हैं जिसमें भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की आज जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस यात्रा के दौरान, श्री गोयल यूरोपीय संघ के व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस शेफकोविच के साथ उच्चस्तरीय वार्ता करेंगे ताकि व्यापार वार्ता टीमों का रणनीतिक मार्गदर्शन दर्शन कर लंबित मुद्दों का समाधान किया जा सके। दोनों पक्ष एक संतुलित एवं महत्वाकांक्षी समझौते को शीघ्रता से संपन्न करने की इच्छा पहले ही जाहिर कर चुके हैं।
श्री गोयल और श्री शेफकोविच के बीच यह मंत्रिस्तरीय बैठक दोनों पक्षों के बीच ब्रुसेल्स में एक सप्ताह से चल रही आधिकारिक स्तर की गहन बातचीत के बाद होने जा रही है। इस बीच वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल यूरोपीय आयोग की व्यापार महानिदेशक सबाइन वेयंड के साथ ब्रुसेल्स में आज से दो दिन की उच्च स्तरीय चर्चा में शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण से निर्देशित भारत की वार्ता रणनीति का एक प्रमुख स्तंभ ऐसा समझौता हासिल करना है जिससे भारत के श्रम-प्रधान क्षेत्रों-जैसे वस्त्र, चमड़ा, परिधान, रत्न और आभूषण तथा हस्तशिल्प को यूरोपीय संघ के बाजार में शून्य शुल्क पर प्रवेश मिल सके। दोनों पक्षों ने एक व्यापक समझौते को साकार करने के लिए दृढ़ राजनीतिक संकल्प व्यक्त किया है।
भारत-यूरोपीय संघ के आर्थिक संबंध इस समय एक ऐतिहासिक मोड़ पर है। दोनों पक्षों ने नौ वर्षों से अधिक के अंतराल के बाद जून 2022 में फिर से व्यापार समझौता वार्ता को एक महत्वाकांक्षी रूप से पुनः शुरू किया। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच 14 दौर की आधिकारिक स्तर की वार्ताएं और मंत्रिस्तरीय स्तर की कई वार्ताएं हो चुकी हैं।
यूरोपीय संघ इस समय भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और भारत में प्रमुख निवेशक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित