जयपुर , फरवरी 24 -- राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पीपलखूंट में चिकित्सकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा।

श्री खींवसर प्रश्नकाल में विधायक नाना लाल निनामा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 25 हजार नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति कीगयी है। इससे नर्सिंग स्टाफ की आवश्यकता की काफी हद तक पूर्ति हुई है। उन्होंने बताया कि नर्सिंग स्टाफ का स्थानान्तरण कम्प्यूटराइज सिस्टम से पूरी निष्पक्षता के साथ किया गया है। इसका सबसे ज्यादा फायदा जनजाति बहुल क्षेत्रों और रेगिस्तानी क्षेत्रों को हुआ है।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पीपलखूंट नेशनल हाइवे संख्या 113 पर स्थित है, जो कि बांसवाड़ा को प्रतापगढ़ से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि पीपलखूंट से नजदीकी ट्रोमा सेन्टर प्रतापगढ़ की दूरी लगभग 45 किमी एवं ट्रोमा सेन्टर बांसवाडा की दूरी लगभग 48 किमी है। केन्द्र सरकार के दिशा- निर्देशों के अनुसार 100 किलोमीटर पर एक ट्रॉमा सेंटर खोले जाने का प्रावधान है। इस आधार पर वर्तमान में पीपलखूंट में ट्रोमा सेन्टर खोला जाना प्रस्तावित नहीं है।

श्री सिंह ने कहा कि पीपलखूंट सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर कुल स्वीकृत पद 26 हैं, जिनमें से 15 भरे हुए हैं। चिकित्सकों के छह पदों में से दो भरे हुए हैं तथा नर्सिंग स्टाफ के पद पर्याप्त रूप से भरे हैं। उन्होंने बताया कि यहां आईपीडी में छह मरीज तथा ओपीडी में लगभग 80 मरीज प्रतिदिन आते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित