धार , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों की चार दिन से जारी हड़ताल प्रशासन की समझाइश के बाद समाप्त हो गई। वेतन विसंगतियों और उचित पारिश्रमिक की मांग को लेकर श्रमिक प्रदर्शन कर रहे थे। हड़ताल समाप्त होने के बाद क्षेत्र में कामकाज फिर सामान्य हो गया है।

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन पहले से सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर आईसर चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जो प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के श्रमिकों के आवागमन का केंद्र है।

हड़ताल के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर, एसडीओपी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही। शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया, जिससे किसी प्रकार की अशांति न हो।

एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने बताया कि सेक्टर-3 औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक वेतन विसंगतियों को लेकर आंदोलनरत थे। विभिन्न कंपनियों के कर्मचारियों ने उचित पारिश्रमिक और वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रमिकों को न्यूनतम वेतन नियमों की जानकारी भी दी। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर निगरानी रखी गई। पुलिस की समझाइश और मध्यस्थता के बाद हड़ताल शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित