धार , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पीथमपुर से धार के बीच गुरुवार को पहली बार रेल इंजन का सफल परिचालन कर पटरियों का परीक्षण किया गया। आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब इस रेल परियोजना के तहत इंजन चलाकर ट्रायल किया गया।
इस दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और धार विधायक नीना विक्रम वर्मा ने पीथमपुर से धार तक रेल इंजन में यात्रा की। भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक मौके पर परियोजना की शुरुआत का स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे धार जिले को देश के प्रमुख रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में नया अध्याय शुरू होगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के पूर्ण होने पर पीथमपुर जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। ट्रायल के दौरान जिला उपाध्यक्ष अमृत जैन, सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल और जिला मंत्री सुभाष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सफल परीक्षण के बाद अधिकारियों ने आगे की प्रक्रियाओं पर चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित