नयी दिल्ली , दिसंबर 29 -- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की सर्वोच्च प्रशिक्षण संस्था पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा अकादमी (पीडीयूएनएएसएस) ने आईसी सेंटर फॉर गवर्नेंस (आईसीसीएफजी) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से सोमवार को बताया गया कि पीडीयूएनएएसएस के क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त-प्रथम राम आनंद और आईसीसीएफजी के महासचिव शांति नारायण ने यहाँ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

पीडीयूएनएएसएस के निदेशक कुमार रोहित ने इस साझेदारी की रणनीतिक अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा, "भारत के सामाजिक सुरक्षा परिदृश्य में परिवर्तनकारी सुधारों के बीच ईपीएफओ की जिम्मेदारियां बढ़ रही हैं, ऐसे में हमारे अधिकारियों को न केवल प्रक्रियात्मक दक्षता बल्कि नैतिक योग्यता की भी आवश्यकता है। आईसीसीएफजी के साथ यह गठबंधन मूल्यों पर आधारित प्रशिक्षण को संस्थागत रूप देगा। हम कौशल प्रशिक्षण से आगे बढ़कर चरित्र निर्माण की ओर अग्रसर हैं।"आईसीसीएफजी के अध्यक्ष पूर्व कैबिनेट सचिव और झारखंड के पहले राज्यपाल प्रभात कुमार ने कहा, "ईमानदारी एक निजी सद्गुण होने के साथ-साथ एक सार्वजनिक शक्ति भी है। हम अधिकारियों से कर्तव्य और अंतरात्मा के बीच आंतरिक सामंजस्य स्थापित करने का आग्रह करते हैं। जब एक नौकरशाह नैतिक सामंजस्य के साथ कार्य करता है, तो शासन एक कार्य से सेवा में परिवर्तित हो जाता है। यह साझेदारी प्रत्येक अधिकारी के भीतर 'कर्मयोगी' को जागृत करने के बारे में है।"उन्होंने कहा कि इससे लाखों भारतीय श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सहानुभूति की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित