नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पीएम-सेतु भारत के आईटीआई पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को नया रूप दे रहा है।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने आज बताया कि प्रधानमंत्री ने कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) की प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार क्षमता परिवर्तन उन्नत आईटीआई (पीएम-एसईटीयू) योजना के तहत फ्रांसीसी गणराज्य की सरकार के सहयोग से कानपुर के राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) में विमानन और रक्षा क्षेत्र में कौशल विकास के लिए एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) की स्थापना की घोषणा की।

श्री चौधरी ने कहा, "प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में, पीएम-सेतु भारत के आईटीआई पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को नया रूप दे रहा है। कानपुर स्थित राष्ट्रीय विमानन उत्कृष्टता केंद्र न केवल वैश्विक स्तर पर सक्षम विमानन पेशेवरों की एक श्रृंखला तैयार करेगा, बल्कि उभरते और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में फ्रांस के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत करेगा। यह पहल वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल को बढ़ावा देने, गतिशीलता को सक्षम बनाने और विमानन, रक्षा और उन्नत विनिर्माण में उभरते अवसरों के लिए हमारे युवाओं को तैयार करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) और फ्रांस गणराज्य की सरकार के बीच पीएम-सेतु योजना के तहत इस केंद्र की स्थापना के लिए सहयोग हेतु आशय पत्र (एलओआई) का आदान-प्रदान हुआ है। यह आशय पत्र भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी और कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में 2025 में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन पर आधारित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित