बैतूल , मार्च 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के प्रभात पट्टन विकासखंड अंतर्गत ग्राम टोपीढाना के आदिवासी ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित सड़क मार्ग में बदलाव का विरोध जताया है।
इस संबंध में करीब आधा सैंकड़ा ग्रामीणों ने कल केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद डीडी उइके के निवास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पहले बोरपेंड से माडु नदी घोघरा होते हुए टोपीढाना तक सड़क निर्माण का सर्वे किया गया था, लेकिन हाल ही में दोबारा सर्वे कर मार्ग को बदलकर हिरडी की ओर मोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि यह बदलाव कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे टोपीढाना के निवासियों को नुकसान होगा।
ग्रामीण सुनील भलावी ने मंत्री को बताया कि नया सर्वे बोरपेड के कुछ लोगों के खेतों तक पहुंच को ध्यान में रखकर किया गया है, जबकि वास्तविक और पारंपरिक मार्ग माडु नदी घोघरा होकर ही जाता है। उन्होंने मांग की कि सड़क और पुल का निर्माण पहले तय किए गए मार्ग पर ही किया जाए, जिससे अधिक लोगों को सुविधा मिल सके।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी मंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से इसी मार्ग पर पुल और पक्की सड़क की मांग कर रही हैं, लेकिन अब कुछ प्रभावशाली लोग अपने हित में मार्ग बदलवाने का प्रयास कर रहे हैं। महिलाओं ने निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लेने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित