पटना , फरवरी 04 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर बुधवार को फ्लाइंग स्क्वायड ने औचक निरीक्षण के दौरान पीएमसीएच में एक दलाल को अवैध वसूली करते हुये पकड़ा, जिसे स्थानीय थाना को सौंप दिया गया।
वहीं मरीजों व परिजनों से पैसा लेते हुए पकड़ी गई एक महिला सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त कर दिया गया है।
पीएमसीएच में अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था) के नेतृत्व में गठित टीम ने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी, इमरजेंसी वार्ड, ब्लड बैंक समेत अन्य विभागों का निरीक्षण किया। जांच में शमीम अख्तर नामक व्यक्ति को दलाली में लिप्त पाया गया, जिसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में बाहरी एंबुलेंस के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया है।
वहीं एनएमसीएच में पटना सिटी के अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में की गई छापेमारी में कोई अवैध गतिविधि नहीं पाई गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में दलालों और अवैध गतिविधियों पर पूरी सख्ती बरती जायेगी। आम नागरिकों को पारदर्शी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित