पटना, सितंबर 27 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महामंत्री लाजवंती झा ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए शनिवार को कहा कि पिछले बीस वर्षों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार नारी उत्थान के लिए निरंतर काम कर रही है।
सुश्री झा ने पटना प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्र के मौके पर श्री मोदी और श्री कुमार ने बिहार की 75 लाख महिलाओं को उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब बिहार की बहनों को इतने बड़े स्तर पर स्वरोजगार के लिए राशि का भुगतान किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल 75 लाख बहनों को 10-10 हजार रुपये की राशि दी गई है और बची हुई महिलाओं को तीन अक्टूबर को राशि दी जाएगी । उन्होंने कहा कि पिछले बीस वर्षों से राजग सरकार ने नारी उत्थान, सम्मान और स्वाभिमान के लिए निरंतर काम किया हैभाजपा की महामंत्री ने विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री महिलाओं के प्रति कितने संवेदनशील हैं।
सुश्री झा ने जीएसटी स्लैब में कटौती की चर्चा करते हुए कहा कि इसको लेकर महिलाओं में उत्साह है, क्योंकि उनके किचेन का खर्च कम हो गया है और घरलू उपयोग की वस्तुएं भी सस्ती हो गयी हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक पेंशन योजना की राशि बढ़ाने तथा ममता दीदी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ाने से भी महिलाएं काफी खुश हैं।
भाजपा की महामंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि राजद के शासनकाल में 13.08 प्रतिशत महिलाएं ही कामकाज के लिए घरों से निकलती थीं क्योंकि तब असुरक्षा का भाव था लेकिन आज 31 प्रतिशत महिलाएं काम करने अपने घरों से बाहर निकल रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या किसी भी प्रदेश से अधिक है।
सूश्री झा ने विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन दोनो कर रहे हैं, जो बताता है कि सरकार अपने वायदे पूरे कर रही है। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की मां को अपशब्द समस्त नारी समाज का अपमान है।
भाजपा की महामंत्री ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि जब वे अपनी बहन के नहीं हो सकते हैं, तो बिहार की अन्य महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए क्या सोचेंगे। उन्होंने राजद के शासनकाल की चर्चा करते हुए कहा कि चंपा विश्वास और शिल्पी हत्याकांड भी उसी दौर में हुआ। महागठबंधन में शामिल दलों ने सत्ता मिलने पर हमेशा महिलाओं के सम्मान को कुचला है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता सिंह राठौड़ ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रियंका गांधी जब बिहार पहुंची तो क्या अच्छी सड़के, लगातार बिजली और बेहतर कानून व्यवस्था उन्हें नही दिखी? उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और नीतीश सरकार ने लगतार महिलाओं के उत्थान की बात की है। उन्होंने प्रियंका गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे देखती जाएँ अभी बिहार में बहनों को 10 हजार रुपये मिले हैं और कुछ दिनों बाद उन्हें दो लाख रुपये और मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार की बहनें जानती है कि कौन सरकार उनकी भलाई के लिए काम करती है और किस सरकार के काल में महिलाएं शाम होते ही अपने घरों से नहीं निकलती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित