अलवर , जनवरी 30 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात श्रीचन्दपुरा गांव में गौतस्करों के चलती पिकअप गाड़ी से गौवंशों को फेंकने का मामला सामने आया है।
सू्त्रों ने शुक्रवार को बताया कि गौतस्कर पांच गौवंशों को ले जा रहे हैं। अचानक उन्हें लगा कि पुलिस उनका पीछा कर रही है। इस पर उन्होंने रात करीब 12 बजे राजगढ़ के समीपवर्ती श्रीचन्दपुरा गांव में गौवंशों को पिकअप से फेंक दिया। इसके बाद गौरक्षा दल को गौतस्करों द्वारा गाड़ी में भरे गौवंशों को चलती गाड़ी से फेंके जाने की सूचना मिली। इस पर गौरक्षा दल मौके पर पहुंचा और गौवंशों को संभाला।
सूत्रों ने बताया कि पांच गौवंशों में दो गौवंश गंभीर घायल हो गये एवं तीन गौवंशों का मौके पर ही इलाज किया गया। गंभीर दो गौवंशों को राजगढ़ के भौरँगी धाम गौशाला पहुंचाया। पुलिस में मामला दर्ज करवाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित