पटना, जनवरी 13 -- बिहार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार शीघ्र ही पिंक बसों में 250 महिला चालकों और 250 महिला संवाहकों की नियुक्ति करने जा रही है।

परिवहन मंत्री और बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने आज परिवहन परिसर में महामना हॉकी गोल्ड कप-2026 की ट्रॉफी और शुभंकर 'गोलू गौरैया' के अनावरण समारोह में बताया कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मानजनक यात्रा को बढ़ावा देने के लिए चल रही 100 पिंक बसों के संचालन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही पिंक बसों में 250 महिला चालकों और 250 महिला संवाहकों की नियुक्ति करने जा रही है।

मंत्री ने कहा कि राज्य के आठ जिलों में वर्तमान में 100 पिंक बसें संचालित हो रही हैं, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा का अवसर मिल रहा है। गणतंत्र दिवस(26 जनवरी) के मौके पर गांधी मैदान में परिवहन विभाग की झांकी में छह महादलित महिला चालक पिंक बस चलाएंगी। इसके अलावा, औरंगाबाद स्थित आईडीटीआर से ट्रेनिंग पूरी कर चुकी महिला चालकों को जल्द ही पिंक बस चलाने का लाइसेंस जारी किया जाएगा।

परिवहन मंत्री ने कहा कि स्लीपर बसों का मानक के अनुसार परिचालन नहीं हो रहा है और कई बसें सीटर बस के परमिट लेकर स्लीपर में मॉडिफाई की जा रही हैं। ऐसे सभी मामलों की जांच कर परमिट रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुई परिवहन मंत्रियों की बैठक में फैसला लिया गया है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज के लिए केंद्र सरकार अब डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता देगी। साथ ही, सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को अब 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित