सोनीपत , अक्टूबर 25 -- हरियाणा के साेनीपत के जीवीएम गर्ल्ज कालेज की पावर लिफ्टर कोमल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना जौहर दिखायेगी। कोमल का चयन भूटान में दिसंबर माह में होने वाली वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

बीए अंतिम वर्ष की छात्रा कोमल ने अपना वजन कम करने के लिए करीब एक वर्ष पूर्व जिम जाना शुरू किया तब उनका वजन 85 किलोग्राम था। जिम में कोमल की लगन व मेहनत को देखते हुए उनमें विद्यमान काबिलियत को कोच जयप्रकाश ने पहचाना।

कोच के प्रोत्साहन करने पर कोमल ने मार्च-2025 में पावर लिफ्टिंग की शुरुआत की। फ्रैक्चर होने के कारण बढ़े वजन को कम करने के लिए वह जिम में उतरी तो पावर लिफ्टिंग गेम की तरफ कदम बढ़ते चले गये। कोमल को हालांकि आगे बढऩे में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा लेकिन पिता सुनील कुमार (हरियाणा पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत) व माता नीतू (गृहिणी) से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

महज सात माह की कड़ी मेहनत के बल पर कोमल ने जिला स्तर से अंतरराष्ट्रीय स्तर का सफर तय किया है। उन्होंने जिला व राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम पताका फहराई है। इंडियन पावर लिफ्टिंग फैडरेशन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो बार स्वर्ण पदक व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीता। निजी फैडरेशन्स की प्रतियोगिताओं में भी वे सफल प्रदर्शन कर चुकी है। एशियन फैडरेशन गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

अब हाल ही में 12 अक्टूबर को गुरूग्राम में हुए वल्र्ड ट्रायल फोर भूटान में उन्होंने सफलता हासिल करते हुए अपना चयन करवाया। उनका कहना है कि वे डेडलिफ्ट में फिलहाल 130 किलोग्राम भार उठा लेती हैं। पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए उन्हें और अधिक भार उठाना होगा। इसके लिए वे अभी से कठोर परिश्रम में जुट गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित