नयी दिल्ली , जनवरी 11 -- राजधानी दिल्ली के पालम क्षेत्र में रविवार सुबह को हाल के वर्षों में जनवरी की सबसे ठंडी सुबहों में से एक दर्ज किया गया जहां न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2010 के बाद यह पालम में दर्ज किया गया दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इस अवधि में इससे अधिक ठंडा दिन सात जनवरी 2013 को रहा था, जब तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पालम में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11 जनवरी 1967 को दर्ज किया गया था, जब पारा शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया था। रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई। आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान काफी नीचे दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, पालम, रिज और आयानगर मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जो शहर में शीतलहर की स्थिति के मानकों को पूरा करता है।
मौसम विभाग ने कहा कि ठंड का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को विशेष रूप से सुबह और रात के समय लंबे समय तक ठंड से बचने की सलाह दी गई है। आईएमडी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और मौसम में बदलाव के अनुसार अपडेट जारी करता रहेगा।
इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच से सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कोहरे की स्थिति बन सकती है।
आईएमडी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी रह सकती है। 12 और 13 जनवरी के बीच राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर से गंभीर शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है। अलग-अलग तिथियों पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले एक सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। , पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर और पूर्वी भारत के काफी हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिससे उड़ानों में देरी, मार्ग परिवर्तन और रद्द होने का खतरा बढ़ सकता है।
एयर इंडिया ने यात्रा परामर्श जारी करते हुए चेतावनी दी है कि दिल्ली, अमृतसर, चंडीगढ़, उदयपुर, वाराणसी और जम्मू सहित कई शहरों में कोहरे के कारण दृश्यता कम रहने की संभावना है, जिससे उड़ान कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। एयरलाइन ने कहा कि कोहरे से होने वाली बाधाओं को कम करने के लिए पहले से कदम उठाए गए हैं और यात्रियों की सहायता के लिए ग्राउंड स्टाफ चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा। यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित