नयी दिल्ली , मार्च 18 -- दिल्ली सरकार ने पश्चिमी दिल्ली के पालम इलाके में बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी भीषण आग की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं तथा मृतकों के परिजन को दस दस लाख वित्तीय सहायता की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे में हुई मासूमों की मौत को हृदयविदारक बताते हुए आज पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने इस अग्निकांड की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, मृतकों के परिवारों को वित्तीय सहायता की भी घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने पीड़ितों के लिए वित्तीय सहायता (मुआवजे) की घोषणा की है। इनमें मृतक वयस्कों के परिजनों को 10 लाख रुपये, मृतक नाबालिगों के परिजनों को 5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये की तात्कालिक सहायता देने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित