डरबन , जनवरी 22 -- प्रिटोरिया कैपिटल्स की युवा जोड़ी ब्राइस पार्सन्स और डेवाल्ड ब्रेविस ने किंग्समीड में खेले गए क्वालिफायर 1 में शीर्ष रैंक वाली सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ सात विकेट की शानदार जीत दिलाते हुए अपनी टीम को बेटवे एसए 20 सीजन 4 के फाइनल में पहुंचा दिया।

पार्सन्स (44 गेंदों पर 60 रन, 4 चौके, 2 छक्के) ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए पहले गेंद से कमाल दिखाया। उन्होंने 3/10 का जादुई स्पेल फेंककर सनराइजर्स को 170/7 पर रोक दिया, इसके बाद ब्रेविस के साथ 91 रनों की अहम साझेदारी कर कैपिटल्स को जीत की राह पर ले गए।

ब्रेविस ने अपने वादे पर खरा उतरते हुए 38 गेंदों पर 75 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चार चौके और शानदार सात छक्के शामिल थे। इनमें से तीन छक्के लगातार गेंदों पर आए, जो स्टैंड्स में गहराई तक गिरे और कैपिटल्स को 2023 में हुए पहले संस्करण के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचा दिया।

अब सनराइजर्स शुक्रवार शाम जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में एलिमिनेटर के विजेता से मुकाबला करने उतरेंगे। दो बार की चैंपियन टीम सनराइजर्स ने क्वालिफायर 1 की शुरुआत सकारात्मक ढंग से की, जब कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। क्विंटन डी कॉक के जल्दी आउट होने के बावजूद जॉनी बेयरस्टो और जॉर्डन हरमन के बीच दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी ने टीम को 12 ओवरों में 112/1 तक पहुंचा दिया।

इसके बाद कैपिटल्स के कप्तान केशव महाराज (2/24) ने बेयरस्टो (36 गेंदों पर 50 रन, 6 चौके, 1 छक्का) को एलबी डब्ल्यू आउट कर बदला चुकाया। इससे पहले ग्रुप मैच में सेंचुरियन में बेयरस्टो ने महाराज के एक ओवर में 34 रन जड़े थे।

बेयरस्टो के आउट होने के तुरंत बाद हरमन (30 गेंदों पर 41 रन) भी पवेलियन लौट गए। यह उस पतन की शुरुआत थी जिसमें सनराइजर्स ने महज 22 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिए। इस दौरान पार्सन्स अनपेक्षित रूप से मुख्य विकेट-टेकर साबित हुए और उन्होंने अहम विकेट लेकर रन गति पर अंकुश लगाया।

मैच के लिए चार 'प्लेयर ऑफ द मैच' उम्मीदवार थे-जॉनी बेयरस्टो, डेवाल्ड ब्रेविस, केशव महाराज और ब्राइस पार्सन्स-जिसमें फैन वोटिंग के 49.3 प्रतिशत वोट हासिल कर पार्सन्स विजेता बने।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित