मुंबई , फरवरी 25 -- महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने एक बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए पार्थ पवार को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है।
सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले आगामी चुनावों में महायुति गठबंधन के तहत राकांपा के कोटे की एक सीट पार्थ पवार को दी जाएगी। पार्थ पवार, दिवंगत नेता अजित पवार और सुश्री सुनेत्रा पवार के पुत्र हैं।
गौरतलब है कि 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को मतदान होना है। महाराष्ट्र में राकांपा संस्थापक शरद पवार सहित सात सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
साल 2024 के विधानसभा चुनावों में भारी जीत के कारण महाराष्ट्र की 7 में से 6 सीटें सत्ताधारी महायुति के पास जाने की संभावना है। इसमें भाजपा को 3, एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 2 और सुनेत्रा पवार की राकांपा को 1 सीट मिल सकती है।
विपक्षी महाविकास अघाड़ी के पास केवल 1 सीट बचने की उम्मीद है। कयास है कि विपक्ष इस एकमात्र सीट से दिग्गज नेता शरद पवार को राज्यसभा भेज सकता है। यदि ऐसा होता है, तो राज्यसभा में पार्थ पवार और उनके दादा शरद पवार एक साथ नजर आ सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित