सागर , नवम्बर 16 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले की देवरी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती नेहा अलकेश जैन को भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। इस संबंध में भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा द्वारा रविवार को पत्र जारी किया गया।
जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नेहा जैन द्वारा भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी बृज बिहारी पटैरिया का खुला विरोध किया गया। इसके अलावा उनके द्वारा गठित नगर पालिका की पीआईसी में कांग्रेस पार्षद त्रिवेंद्र जाट को लगातार शामिल किया गया, जबकि परिषद में भाजपा के 13 निर्वाचित पार्षद मौजूद थे।
पार्टी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्षद के त्यागपत्र का हवाला देकर पार्टी को गुमराह किया गया। साथ ही भाजपा प्रदेश महामंत्री के आगमन पर क्षेत्रीय विधायक और जिलाध्यक्ष की उपेक्षा को भी नेहा जैन की निरंकुश कार्यप्रणाली का उदाहरण माना गया। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर नेहा जैन एवं अलकेश जैन को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित