हनुमानगढ़ , अप्रैल 01 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक अविवाहित प्रेमी युगल ने खेत में पानी की विशाल डिग्गी में कूदकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मृतकों की पहचान विमला देवी बावरी (25) और सोनू नायक (22) के रूप में हुई है। दोनों युवक-युवती कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम संबंध में थे, लेकिन घरवालों को इसकी भनक तक नहीं थी। पुलिस के अनुसार जातिगत भिन्नता के कारण उनका विवाह संभव नहीं दिख रहा था, जिसकी निराशा में दोनों ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर को स्थानीय लोगों ने चक 20-एलएलडब्ल्यू में हरप्रीतसिंह नामक किसान के खेत की डिग्गी के बाहर एक मोटरसाइकिल खड़ी देखी। पास ही एक मोबाइल फोन, लेडीज और जेंट्स चप्पलों की जोड़ी तथा एक लाल रंग की शॉल पड़ी हुई थी। लोगों को शक हुआ कि कोई डिग्गी में डूब गया होगा। हालांकि डिग्गी के चारों ओर सुरक्षा के लिए तारबंदी की गई थी, फिर भी घटना हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राज्य प्राकृतिक आपदा प्रबंधन दल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने डिग्गी में उतरकर दोनों शवों को बाहर निकाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित