सांगली (महाराष्ट्र) , जनवरी 20 -- वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता गोविंद पानसरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी समीर गायकवाड़ (43) की सांगली में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी है।

समीर कुछ समय से जमानत पर था और सांगली के विकास चौक इलाके में अपने परिवार के साथ रह रहा था। सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर रात समीर गायकवाड़ को सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सांगली सिविल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि 16 फरवरी 2015 को कोल्हापुर में गोविंद पानसरे और उनकी पत्नी उमा पानसरे पर गोलीबारी की गई थी, जिसमें बाद में गोविंद पानसरे की मौत हो गई थी। इस मामले में समीर गायकवाड़ को मुख्य संदिग्ध माना गया था और उसे श्री पानसरे की हत्या के सात महीने बाद, 16 सितंबर 2015 को सांगली से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसके पास से कई मोबाइल सिम कार्ड भी जब्त किए थे। साक्ष्यों की कमी और कुछ तकनीकी कारणों के चलते वर्ष 2017 में उसे सशर्त जमानत मिल गई थी। बाद में इस हत्याकांड की जांच राज्य आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) को सौंप दी गई थी, जिसने गायकवाड़ समेत नौ अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित