पौड़ी,03फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत कोटा में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों द्वारा क्षेत्र की 29 शिकायतें दर्ज कराई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके साथ ही 114 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 657 लोगों ने प्रतिभाग किया।

आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। शिविर के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कई शिकायतों का समाधान उन्होंने मौके पर ही कराते हुए अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान से ग्रामीणों को शासन-प्रशासन से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित