चम्पावत , जनवरी 30 -- लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ0 पंकज कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा से जुड़ी और पहाड़ तथा मैदान की लाइफ लाइन कहे जाने वाले टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का शुक्रवार को गहन निरीक्षण किया और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए।
उत्तराखंड शासन और प्रशासन की मुख्यमंत्री की विधानसभा पर विशेष नजर है। खासकर पहाड़ को मैदान से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के समाधान और सुदृढ़ीकरण पर शासन का विशेष जोर है।
इसी संदर्भ में डॉ0 पंकज कुमार पाण्डेय ने एनएच-09 के बेहद संवेदनशील और कई सालों से आपदाग्रस्त स्वाला क्षेत्र और चम्पावत बाईपास का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क सुधारीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए परियोजना की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक सप्ताह की प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने इसी के साथ ही चंपावत बाईपास मार्ग के निर्माण कार्यों की विस्तार से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके।
सचिव ने पेड़ कटान की प्रक्रिया तथा मुआवजा वितरण की कार्रवाई में तेजी लाने के साथ ही निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा न आने पाए तथा सभी विभाग समन्वय और समयबद्ध ढंग से कार्य करें।
इसके अतिरिक्त उन्होंने टनकपुर से पूर्णागिरि मंदिर तक राज्य मार्ग संख्या-108 के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः कार्यों में तेजी और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जाए।
श्री पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़कों की अवसंरचना का सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ सड़क नेटवर्क विकसित करना शासन की प्रतिबद्धता है। इसलिए कार्य में तेजी और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित