नयी दिल्ली , नवंबर 11 -- केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने जल से जुड़े विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम के लिए छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार तथा प्रथम जल संचयन पुरस्कार विजेताओं के नाम घोषित करते हुए मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 नवंबर को विजेताओं को सम्मानित करेंगी।

श्री पाटिल ने यहां श्रमशक्ति भवन स्थित अपने मंत्रालय ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार विजेताओं के नाम घोषित कर दिये गये हैं। इसके साथ ही जल संचयन क्षेत्र में भी पुरस्कार शुरु किया गया है और इस साल इस क्षेत्र के पहले पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 नवंबर को विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में विजेताओं को सम्मान प्रदान करेंगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस साल पहली बार जल संचयन क्षेत्र में काम करने के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है और इसके तहत प्रथम जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) पुरस्कार भी आज घोषित हुए हैं। इस तरह से इस बार राष्ट्रीय जल पुरस्कारों के साथ ही जल संचय जन भागीदारी के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल संचय के क्षेत्र में यह पहला पुरस्कार है। पुरस्कार जल संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ाने और इस क्षेत्र में अनुकरणीय प्रयासों के लिए दिया जाएगा। मंत्रालय का मानना है कि पुरस्कार नागरिकों को जल संरक्षण और प्रबंधन में योगदान के लिए और प्रोत्साहित करेंगे। इस तरह से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 नवंबर को 2024 के लिए राष्ट्रीय जल पुरस्कार और जल संरक्षण के लिए पहला पुरस्कार प्रदान करेंगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जल पुरस्कार सरकार के 'जल समृद्ध भारत' के दृष्टिकोण को प्राप्त करने के लिए देश भर में व्यक्तियों और संगठनों द्वारा किए गए अच्छे काम और प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करते हैं। यह पुरस्कार लोगों के बीच पानी के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करने और उन्हें सर्वोत्तम जल उपयोग प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए हैं। यह आयोजन लोगों और संगठनों को जल संसाधन संरक्षण और प्रबंधन गतिविधियों में एक मजबूत साझेदारी और लोगों की भागीदारी का अवसर प्रदान करता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रथम जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) के तहत इस वर्ष कुल 100 पुरस्कार घोषित किये गये हैं। इनमें तीन शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्य, 67 ज़िले, छह नगर निगम, एक शहरी स्थानीय निकाय, दो सहयोगी मंत्रालय या विभाग, दो उद्योग, तीन गैर सरकारी संगठन, दो परोपकारी और 14 नोडल अधिकारी शामिल हैं। जेएसजेबी पोर्टल पर अपलोड किए गए सत्यापित आंकड़ों के आधार पर पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित