श्रीगंगानगर , मार्च 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले केे पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र में खुफिया एजेंसियों ने एक चीनी नागरिक को पकडा है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि करीब 30 वर्षीय इस चीनी नागरिक का नाम हैबुओ बताया जा रहा है। गुरुवार शाम को वह श्रीकरणपुर के बाजार में घूम रहा था। किसी स्थानीय व्यक्ति ने इसकी सूचना सीआईडी के अधिकारियों को दी, जिसके बाद खुफिया दल ने तुरंत उसे पकड़ लिया और थाने पहुंचाया।
खुफिया पुलिस के अनुसार यह चीनी नागरिक एक प्रसिद्ध मोबाइल फोन कंपनी में काम करता है। उसकी पत्नी भारतीय है और वह चीन से व्यवसाय वीजा पर अपनी कंपनी की तरफ से भारत आया था। वह जयपुर में ठहरा हुआ था। उसके पास ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया यानी ओसीआई कार्ड भी है।
फिलहाल उसे वीजा शर्तों के उल्लंघन का दोषी माना जा रहा है। आज सुबह उसे श्रीकरणपुर से श्रीगंगानगर लाया गया, जहां संयुक्त खुफिया केंद्र (जेआईसी) में खुफिया एजेंसियों के दल ने उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
खुफिया सूत्रों ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि यह चीनी नागरिक संवेदनशील सीमा क्षेत्र श्रीकरणपुर क्यों पहुंचा था। सूत्रों ने बताया कि वह अपनी मोबाइल कंपनी के डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स से मिलने कंपनी की तरफ से यहां आया था लेकिन इस क्षेत्र में आने के लिए उसके पास कोई वैध अनुमति नहीं थी।
उल्लेखनीय है कि श्रीगंगानगर जिले की पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में विदेशी नागरिकों की आवाजाही पर पूर्ण पाबंदी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित