मधुबनी , फरवरी 17 -- पाकिस्तान में छपे जाली भारतीय नोट को भारतीय बाजार में खपत करने वाले सरगना अबुल इनाम उर्फ लादेन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि जाली नोट को नेपाल के रास्ते भारत में पहुंचाने और बाजार में खपत करने वाले गिरोह में शामिल बिहार के मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक निवासी अबुल इनाम उर्फ लादेन को बासोपट्टी पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद विभिन्न सुरक्षा एजेंसी और वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों ने सरगना अबुल इनाम से पूछताछ की। पुलिस पाकिस्तानी नागरिक अंसारी उर्फ मो.मस्तान की तलाश में जुटी है।

जयनगर के पुलिस उपाधीक्षक राघव दयाल ने बताया कि पाकिस्तान में छपी नकली भारतीय करेंसी की बरामदगी मामले में अबुल इनाम की गिरफ्तारी हुई है।

पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि अबुल इनाम की गिरफ्तारी से कई अहम सुराग मिले हैं, जिसपर पुलिस काम कर रही है।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 के मार्च में 13 हजार 800 रूपए नकली भारतीय करेंसी एवं अन्य संदिग्ध सामान एवं दस्तावेज के साथ गिरफ्तार भारत में नकली नोट खपाने वाले गिरोह के सदस्य रशीद जमाल,हाजी मोहम्मद ओवैस एवं ताहिर की गिरफ्तारी के बाद अबुल इनाम का नाम सामने आया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित