लाहौर , फरवरी 01 -- सैम अयूब (56), बाबर आजम (नाबाद 50) की अर्धशतकीय पारियों के बाद मोहम्मद नवाज (पांच विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने रविवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 111 रनों से हरा दिया। इसी के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। मोहम्मद नवाज को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और आगा सलामान को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज से नवाजा गया।
आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 202 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सैम अयूब ने 37 गेंदों में छह चौके और दो चौकों की मदद से 56 रनों की पारी खेली। शादाब खान ने 19 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 46 रन बनाये। फखर जमान (10) और ख्वाजा नफे 21 रन बनाकर आउट हुये। बाबर आजम ने 36 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 50 रनों की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया के लिए बेन ड्वारश्विस ने दो विकेट लिये। मैथ्यू कुनमन, मैथ्यू शॉट, कूपर कॉनली और कमरन ग्रीन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के आगे खुलकर नहीं खेल सके और उनकी पूरी टीम 16.5 ओवर में 96 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टॉयनिस ने सर्वाधिक 23 रन बनाये। कैमरन ग्रीन (22) और जॉश फिलिपे (14) रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित