कोलंबो , फरवरी 10 -- साहिबजादा फरहान (73) और बाबर आजम (46) की शानदार पारियों के बाद उस्मान तारिक (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने टी-20 विश्वकप के 12वें मुकाबले अमेरिका को 32 रनों से हरा दिया।

191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका के लिए ऐंड्रियस गौस और शयन जहांगीर की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। पांचवें ओवर में मोहम्मद नवाज ने ऐंड्रियस गौस (13) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद कप्तान मोनांक पटेल (तीन) और शयन जहांगीर को शादाब खान ने अपना शिकार बना लिया। शयन जहांगीर ने 34 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 49 रनों की पारी खेली। 16वें ओवर मे उस्मान तारिक ने मिलिंद कुमार 22 गेंदों में 29 को आउट किया। 19वें ओवर में उस्तान तारिक ने हरमित सिंह छह को आउट कर अमेरिका को छठा झटका दिया। इसी ओवर में उन्होंने मोहम्मद मोहसिन (शून्य) का भी शिकार कर लिया। अमेरिका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी और 32 रनों से मुकाबला हार गई। शुभम रांजने 20वें ओवर में आठवें विकेट के रूप में आउट हुये। शुभम रांजने ने 30 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए 51 रनों की पारी खेली।

पाकिस्तान के लिये उस्मान तारिक ने तीन विकेट लिये। शादाब खान को दो विकेट मिले। शाहीन शाह अफरीदी, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित