कोलंबो , फरवरी 15 -- इशान किशन (77), सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27 ) की शानदार विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को टी-20 विश्वकप 27वें मुकाबले में 12 गेंदे शेष रहते पाकिस्तान 61 रनों से रौंद कर सुपर आठ में जगह बना ली। भारत ने इस जीत के साथ विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है।

इशान किशन को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया। इसी जीत के साथ ही 2023 विश्व कप फाइनल में हार के बाद भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट में बिना हारे लगातार 16 मुकाबले जीत लिए हैं और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की लगातार 15 जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान को भारत की हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह की पेस जोड़ी झकझोर दिया। हार्दिक ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान (शून्य) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब (छह) और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान आगा सलमान (चार) का शिकार कर लिया। पांचवें ओवर में गेंदबाजी करने आये अक्षर पटेल ने बाबर आजम (पांच) को चलता कर दिया। इसके बाद उस्मान खान और शादाब खान ने 39 रन जोड़कर वापसी का प्रयास किया, लेकिन 11वें ओवर में अक्षर ने उस्मान खान को आउट कर पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। उस्मान खान ने 34 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 44 रनों की पारी खेली। मोहम्मद नवाज (चार) को कुलदीप ने अपना शिकार बनाया। 13वें ओवर में तिलक वर्मा ने शादाब खान को आउट कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। 16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने फहीम अशरफ (10) और अबरार अहमद (शून्य) का शिकार कर लिया। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पार हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारिक (शून्य) को बोल्ड कर 114 के स्कोर पर पाकिस्तान की पारी का अंत कर भारत को सुपर आठ में पहुंचा दिया।

भारत के लिए हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिये। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित