श्रीगंगानगर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से कथित रूप से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क बनाने वाले एक और युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी सुनीलकुमार उर्फ धोलू नायक (29) निवासी वार्ड नंबर 54, सुरेशिया मौहल्ला, हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने एक देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने आज शाम यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी एक कुख्यात बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि आरोपी सुनील शहजाद भट्टी के व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज और कॉल करने का प्रयास कर रहा था। उसने इंस्टाग्राम पर शहजाद भट्टी की विभिन्न आईडी को फॉलो किया हुआ था और उनकी फोटो भी सेव की हुई थी। उसने शहजाद भट्टी की फोटो लगाकर अलग-अलग आईडी भी बनाई थी।

उन्होंने बताया कि शहजाद भट्टी पाकिस्तान से भारत की आंतरिक सुरक्षा, सम्प्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले गतिविधियों में संलिप्त बताया जाता है, के साथ आरोपी का यह संपर्क भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।

यह कार्रवाई एंटी गैंगस्टर टास्क फ़ोर्स के सहयोग से की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। पूछताछ में और भी कई खुलासे होने की संभावना है।

गौरतलब है कि इससे पहले हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने जसवंत नामक व्यक्ति को भी शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क साधने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जसवंत भी शहजाद भट्टी को मैसेज भेज रहा था। पुलिस अब इस पूरे मामले में तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी सुनील के खिलाफ जंक्शन थाने में अतिरिक्त मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित