पन्ना , फरवरी 25 -- मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने ग्राम पंचायत चौपरा के सरपंच जगत आदिवासी को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
लोकायुक्त निरीक्षक कमल सिंह उइके ने बताया कि ग्राम चौपरा निवासी नंदलाल राठौर ने अपनी एक हेक्टेयर कृषि भूमि पर सिंचाई के लिए कपिलधारा योजना के तहत कुएं के निर्माण हेतु आवेदन किया था। इस निर्माण के लिए जनपद पंचायत शाहनगर से स्वीकृति मिल चुकी थी।
शिकायत के अनुसार सरपंच ने कार्य प्रारंभ करने की अनुमति देने के एवज में 11 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सरपंच को पहली किस्त के रूप में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित