देहरादून , मार्च 22 -- उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्रित्व वाली सरकार में शुक्रवार को पांच नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण करने के बाद मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) का पूर्ण गठन हुआ। अब रविवार को मुख्य सचिव ने आवश्यक विमर्श पूर्ण कर, नए मंत्रियों के विभागों का वितरण कर दिया।

इसमें कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से ग्राम्य विकास, डॉ धनसिंह रावत से चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा और आयुष, सतपाल महाराज से पंचायतीराज, जलागम तथा सुबोध उनियाल से भाषा विभाग वापस ले लिया गया। जबकि अन्य विभाग मुख्यमंत्री से लेकर नए कैबिनेट सदस्यों को दिए गए हैं।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा जारी कैबिनेट के नए पोर्टफोलियो के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पास अब मंत्रिपरिषद, कार्मिक एवं सर्तकता, सचिवालय प्रशासन, नियोजन, राज्य सम्पत्ति, सूचना, गृह, राजस्व, औद्योगिक विकास, औद्योगिक विकास (खनन), श्रम, पेयजल, ऊर्जा, आबकारी, न्याय, नागरिक उड्डयन, वित्त, एवं आवास विभाग होंगे। जबकि सतपाल महाराज लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, संस्कृति, धर्मस्व, पर्यटन, सिंचाई एवं लघु सिंचाई, सामान्य प्रशासन विभाग के मंत्री होंगे। गणेश जोशी पर कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण विभाग रहेंगे। जबकि डा० धन सिंह रावत शिक्षा (माध्यमिक), विद्यालयी शिक्षा (बेसिक), विद्यालयी संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और सहकारिता विभाग के मंत्री होंगे।

आदेश के अनुसार, सुबोध उनियाल अब वन, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य के साथ ही चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का भी दायित्व संभालेंगे। रेखा आर्य महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण पहले की ही तरह देखती रहेंगी। सौरभ बहुगुणा भी पूर्ववत पशुपालन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन के मंत्री रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित