पटना , मार्च 23 -- बिहार कला एवं संस्कृति विभाग तथा बिहार संगीत नाटक अकादमी, पटना के संयुक्त तत्वावधान में प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित महिला नाट्य उत्सव 2026 के दूसरे दिन नाट्य संस्था रंग सृष्टि, पटना की ओर से भोजपुरी के शेक्सपियर भिखारी ठाकुर की अमर कृति "बिदेसिया" का मंचन किया गया।

इस नाटक का निर्देशन साधना श्रीवास्तव ने किया।नाटक की शुरुआत बिदेसी और उसकी पत्नी प्यारी के बीच नोकझोंक से होती है। बिदेसी बड़े सपनों के साथ गाँव छोड़कर कलकत्ता कमाने जाने की जिद करता है। प्यारी आँसुओं के साथ उसे रोकती है, लेकिन वह महत्वाकांक्षा के आगे उसके प्रेम को अनदेखा कर निकल पड़ता है।वर्ष बीत जाते हैं,न कोई चिट्ठी, न कोई खबर। प्यारी दिन-रात चौखट पर नज़रें टिकाए उसी उम्मीद पर जीती रहती है कि शायद वह आज लौट आए। अंततः दर्द, प्रेम और विरह से गुजरते हुए स्थिति इस मोड़ पर पहुँचती है, जहाँ प्यारी धनिया को अपने हिस्से की प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि जीवन की साझेदार के रूप में स्वीकार कर लेती है। इस सशक्त प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।

इस कार्यक्रम में बिहार संगीत नाटक अकादमी, पटना के सचिव महमूद आलम और सहायक सचिव सुश्री कीर्ति आलोक भी उपस्थित थीं। मंच संचालन सुश्री रूबी खातून ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित