कोलकाता , फरवरी 09 -- इटली के पहले टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण अंदाज में हुई है। स्कॉटलैंड के ख़िलाफ ईडन गार्डन्स में उनके पहले मैच के चौथे ही ओवर में टीम के कप्तान वेन मैडसन के कंधे पर गंभीर चोट आई।
मैडसन मिडविकेट पर फ़ील्डिंग कर रहे थे। जॉर्ज मंसी के पुल शॉट को रोकने की कोशिश में उन्हें यह चोट लग गई। वह बाईं ओर डाइव करते हुए गेंद को रोकना चाह रहे थे, लेकिन वह प्रैक्टिस पिच पर गिर गए। इसके तुरंत बाद उन्होंने मेडिकल मदद मांगी। थोड़ी देर बाद वह अपने बाएं हाथ को तौलिए से सहारा देते हुए मैदान से बाहर चले गए।
42 साल के मैडसेन इटली के सबसे अनुभवी क्रिकेटर हैं। वह अपना पहला विश्व कप खेल रहे हैं और उन्हें तुरंत एक्स रे के लिए ले जाया गया। आमतौर पर अगर कंधा डिस्लोकेट होता है तो उससे उबरने में सात से 21 दिन लग सकते हैं, जबकि गंभीर मामलों में इसमें तीन से चार महीने तक का वक़्त भी लग सकता है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट में गंभीर चोट के मामलों में रिप्लेसमेंट की व्यवस्था को आज़माया जा रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेइंग XI में चोट के आधार पर रिप्लेसमेंट की अनुमति नहीं है। फ़िलहाल रिप्लेसमेंट केवल कन्कशन के मामलों में ही मान्य हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित