रामनगर,19मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर नगर एवं देहात क्षेत्र में स्थित दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लग रहा। सभी ने विधि विधान से मां भगवती का पूजन किया और परिवार, समाज, देश, प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। सभी दुर्गा मंदिरों में भजन- कीर्तन भी शुरू हो गए हैं।

नवरात्र के प्रथम दिन लोगों ने व्रत धारण कर प्रथम शक्ति शैलपुत्री की घरो एवं मंदिरों में विधि विधान से पूजा की और सारा वातावरण अंबे, जगदंबे मय हो गया। लोगों ने एक दूसरे को नव संवत्सर की बधाई दी।

घरों में नवदुर्गा की स्थापना के साथ पाठ पूजा, ध्वजा पूजन, ध्वज स्थापना की गई। नवरात्रि आते ही घरों, मंदिरों में जमकर भजन हो रहे हैं और मां का गुणगान किया जा रहा है। मंदिरों में भजन कीर्तन में महिलाएं बड़े उत्साह के साथ भाग ले रही है। भरतपुरी, दुर्गापुरी, कोटद्वार रोड लखनपुर, कालिका मंदिर हनुमानगढ़ी, आदि देवी मंदिरों में भजन कीर्तन हुए। इस बार प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में सुरक्षात्मक कार्य के चलते प्रवेश बंद है। ऊपरी परिसर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में मां भगवती का पूजन हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित