वडोदरा , जनवरी 12 -- ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले एकदिवसीय मैच में पसली में चोट लगने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से बाहर हो गए हैं।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार सुंदर पसली में चोट लगने के कारण एकदिवसीय सीरीज से बाहर हो गये है। वह न्यूजीलैंड की पारी के बीच में ही मैदान से बाहर चले गए और रविवार को क्षेत्ररक्षण के लिए वापस नहीं लौटे। उन्होंने पांच ओवर में 27 रन दिए थे। वह तकलीफ होने के बावजूद आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और भारत ने चार विकेट से जीत हासिल की।

वॉशिंगटन तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्हें चोट लगी है, विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत पिछले हफ्ते साइड स्ट्रेन के कारण एकदिवसीय सीरीज से बाहर हो गए थे, जबकि तिलक वर्मा ग्रोइन इंजरी के कारण पहले तीन टी-20 मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। कप्तान शुभमन गिल ने रविवार को भारत की जीत के बाद वॉशिंगटन के बारे में कहा था कि वॉशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन है और मैच के बाद उनका स्कैन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित