बेतिया , फरवरी 03 -- बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के नौतन प्रखंड के झखरा स्थित अम्मा ट्रस्ट द्वारा संचालित ईश्वर शांति विधि एवं डिग्री महाविद्यालय में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी (एनओयू) का बृहद अध्ययन केंद्र खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो.(डॉ.) अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर संसाधनों का आकलन किया।
निरीक्षण के बाद प्रो.(डॉ.) सिंह ने बताया कि नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में यूजीसी मान्यता प्राप्त कुल 56 डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित हैं, जिनमें स्नातक से लेकर स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है। नई शिक्षा नीति के तहत उच्च शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय अपने अध्ययन केंद्रों का विस्तार कर रहा है।उन्होंने बताया कि झखरा महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं आधारभूत संरचना संतोषजनक पाई गई है, हालांकि अकादमिक स्तर पर कुछ ढांचागत विस्तार का सुझाव दिया गया है।
अम्मा ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष ज्ञानेंद्र शरण ने कहा कि नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी के अध्ययन केंद्र के खुलने से चंपारण और उत्तर बिहार के विद्यार्थियों व नौकरीपेशा लोगों को स्थानीय स्तर पर बीए से एमए तक की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान कॉलेज सचिव सत्येंद्र शरण, प्राचार्य सबा खानम सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित