कोलकाता , अप्रैल 22 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरूवार (23 अप्रैल) को 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले जायेंगे। मतदान सुबह सात बजे प्रारंभ होगा और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
पहले चरण के लिए होने वाले मतदान में ज्यादातर दक्षिण और पश्चिम बंगाल के जिले शामिल हैं। इनमें पुरुलिया, बांकुरा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं और साथ ही कोलकाता और हावड़ा की कुछ सीटों पर भी इसी चरण में मतदान होगा। इस चरण में नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुरा और झारग्राम सीटों पर आमतौर पर कड़ा मुकाबला है। राज्य में दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा, जिसमें 142 सीटों पर मतदान कराया जायेगा।
राज्य में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये हैं और संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गयी है। इनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन और जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं। पहले चरण में मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की नौ, जलपाईगुड़ी की सात, अलीपुरद्वार की पांच, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की पांच, उत्तर दिनाजपुर की नौ, दक्षिण दिनाजपुर की छह, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम बर्द्धमान की नौ, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झाड़ग्राम की चार, पुरुलिया की नौ व बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।
पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चरण में मतदाताओं की कुल संख्या 3.60 करोड से अधिक है, जिनमें 1.84 करोड पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 465 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित