भोपाल , अप्रैल 28 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मतदान के दौरान दिए गए बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मध्यप्रदेश से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनका हालिया बयान हार के डर और भय को दर्शाता है। ममता बनर्जी ने बयान देते हुए सीआरपीएफ जवानों को बीजेपी के गुण्डे बताया था।

जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री शर्मा ने कहा कि जब कोई व्यक्ति हार की आशंका महसूस करता है तो उसकी भाषा और व्यवहार में घबराहट दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की जनता, किसान, मजदूर, नौजवान और महिलाएं अब तृणमूल कांग्रेस के शासन के खिलाफ खुलकर खड़ी हो गई हैं।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व के साथ कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में व्यापक स्तर पर काम किया है, जिसके चलते वहां का आम नागरिक अब बदलाव के लिए तैयार है।

श्री शर्मा ने कहा कि बंगाल का नागरिक "वंदे मातरम" की भावना, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सपनों, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों, रामकृष्ण परमहंस की प्रेरणा और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों के साथ आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार यह जनभावना एक नए और बेहतर भारत के निर्माण की दिशा में संकेत दे रही है।

उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया गया, जिससे सामाजिक संतुलन प्रभावित हुआ है। श्री शर्मा ने कहा कि ऐसी नीतियों के कारण आम नागरिकों में असंतोष पनपा है और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जहां सभी नागरिक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें। श्री शर्मा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर दिखाई दे रही है और जनता विकास तथा स्थिरता की ओर बढ़ना चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित