कोलकाता , मार्च 25 -- पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों के पहले चरण (23 अप्रैल) के मतदान में एक महीने से भी कम समय बच गया है, ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियाें ने कमर कस ली है और हर तरह से मतदाताओं को रिझाने के प्रयास में लगे हुये हैं।
उम्मीदवार जनता के साथ अपनेपन को साबित करने के लिए न केवल नए विचारों का सहारा ले रहे हैं, बल्कि राजनीतिक और वैचारिक सीमाओं को लांघकर रचनात्मक तरीके से मतदाताओं के दैनिक जीवन में भी प्रवेश कर रहे हैं।
अभियान के पहले सप्ताह में, जनता से रचनात्मक संवाद कायम करने के कई उदाहरण देखने को मिले। उत्तर 24 परगना के गोघाट से चुनाव लड़ रहे तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार निर्मल माजी, जो कोलकाता के निवासी हैं अब अपने इस अर्ध-शहरी निर्वाचन क्षेत्र में घुलने-मिलने और 'बाहरी' होने का ठप्पा हटाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। उनके अभियान में विनम्रता और व्यक्तिगत जुड़ाव का पुट साफ दिख रहा है। बुजुर्ग मतदाताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लेने से लेकर घरों की रसोई तक पहुँचने तक, श्री माजी को खाना बनाते और स्थानीय लोगों के साथ दाल, मछली और चावल खाते देखा गया है।
श्री माजी आम लोगों के घरों के आंगन में बैठकर बातचीत करते हुए और अपनेपन की छवि बनाते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, "लोगों को यह विश्वास होना चाहिए कि मैं यहाँ केवल चुनाव के लिए नहीं आया हूँ। मैं उनके साथ उनके सुख और समस्याओं में रहने आया हूँ। उन्हें मतदान करने से पहले मुझ पर भरोसा होना चाहिए।"इस बीच, नारायणगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार रामप्रसाद गिरि अपने अनूठे संपर्क अभियान से सबका ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। अपने अभियान के दौरान, वह न सिर्फ एक स्थानीय सैलून में गए, बल्कि खुद उस्तरा उठा लिया। इस पल में श्री गिरि एक ग्राहक की दाढ़ी बनाते हुए देखे गए।
पुरसुरा में तृणमूल के पार्थ हजारी एक मतदाता की रसोई में महिलाओं के साथ शामिल हुए और पारंपरिक 'शिल-नोड़ा' पर मसाले पीसने में हाथ बंटाया। वहीं, भाजपा के बिमन घोष भी पीछे नहीं रहे और किसानों के साथ खेत में हल चलाया। श्री घोष ने कहा, "यह बंगाल के कृषि समुदाय द्वारा झेली जा रही कठिनाइयों के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध है। मैं एक कड़ा संदेश देना चाहता हूँ कि भाजपा राज्य के किसानों के साथ है।"ऐसा लगता है कि इस चुनाव के मौसम में 'भोजन' एक मुख्य विषय है। आरामबाग में, तृणमूल उम्मीदवार मिता बाग को सड़क किनारे एक दुकान पर चॉप तलते हुए और यहाँ तक कि उन्हें पैक करके ग्राहकों को बेचते हुए भी देखा गया। ऐसा ही नजारा चतना में भी देखने को मिला, जहाँ भाजपा उम्मीदवार सत्यनारायण मुखोपाध्याय ने भी नाश्ता तलने में हाथ बटाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित