कोलकाता , मार्च 05 -- पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने गुरुवार को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच इस इस्तीफे ने राजनीतिक हलकों में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक श्री बोस इस समय नयी दिल्ली में हैं और उन्होंने राष्ट्रपति भवन में अपना इस्तीफा सौंप दिया है।उनके इस अचानक फैसले के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने श्री बोस के इस्तीफे पर हैरानी जताते हुए कहा कि उनकी जगह आर. एन. रवि को राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे सूचित किया है कि आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है।"राजभवन के सूत्रों ने बताया कि श्री बोस ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति भवन भेज दिया है और उसे औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया गया है। राज्यपाल ने हालांकि खुद अभी तक पद छोड़ने के अपने फैसले पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है।

श्री बोस ने 17 नवंबर, 2022 को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाला था। उनका कार्यकाल नवंबर 2027 तक जारी रहने वाला था, लेकिन उन्होंने अपना पूर्ण कार्यकाल समाप्त होने से लगभग 20 महीने पहले ही पद छोड़ दिया।

कार्यभार संभालने के बाद से ही श्री बोस राज्य से जुड़े कई मुद्दों पर अक्सर खुलकर बोलते रहे थे। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार की कई नीतियों की आलोचना की थी और उनके कार्यकाल के दौरान राजभवन और राज्य प्रशासन के बीच कई बार टकराव देखा गया। कई मौकों पर ये मतभेद खुले संघर्ष में बदल गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित