कोलकाता , दिसंबर 24 -- पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बारासात की एक अदालत ने करोड़ों रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कोकीन तस्करी के आरोप में दोषी पायी गयी बोलिवियाई महिला को 12 साल की कड़ी कैद की सजा सुनायी है।

दोषी महिला तस्कर की पहचान सॉसेडो चाओ येनी (53) के रूप में हुई है। इसे आठ नवंबर, 2017 को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय (एनएससीबीआई) हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोकीन की कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी गयी थी।

यह प्रतिबंधित सामग्री नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारियों ने अप्रवासन प्रक्रिया के दौरान पकड़ी थी। इसे उसके ट्रॉली बैग के अंदर एक गुप्त जगह में छिपाया गया था। वह दुबई के रास्ते ब्राजील के साओ पाउलो से कोलकाता आई थी।

एनसीबी अधिकारियों ने एक स्पेनिश दुभाषिए की मदद से उससे पूछताछ की ताकि उस अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के बारे में जानकारी मिल सके जिसके लिए वह कथित तौर पर काम कर रही थी। अधिकारियों को शक था कि यह कोलकाता में तस्करों को सौंपी जानी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित