बेतिया , मार्च 19 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया मुफस्सिल थाना पुलिस ने 24 टन चावल चोरी मामले का सफल उद्भेदन करते हुए गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी किया गया ट्रक और चावल बरामद कर लिया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विवेक दीप ने आज बताया कि 12 मार्च को अनिल रोड लाइंस के एजेंट बबलू कुमार गुप्ता ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी थी कि चावल लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा ट्रक गायब हो गया हैं और इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 114/26 दर्ज किया गया था।

श्री दीप ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा के चमडैल इलाके में छापेमारी कर 923 बोरा (करीब 24 टन) चोरी किया गया चावल तथा ट्रक (डब्ल्यूबी 11 डी-1011) बरामद कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों विक्की साह (33) और चालक कृष्णा साह (24) को गिरफ्तार किया गया है, जिनका संबंध पश्चिम बंगाल से है।उन्होंने बताया कि छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष सम्राट सिंह तथा जिला तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित