नयी दिल्ली , मार्च 09 -- पश्चिम एशिया और भारत के बीच पिछले 10 दिन में 90 हजार यात्रियों की आवाजाही हुई है।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू ने सोमवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत 28 फरवरी को पश्चिम एशिया में शुरू हुई भू-राजनैतिक संकट के बीच भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने धीरे-धीरे उस क्षेत्र के लिए उड़ानों का परिचालन शुरू कर दिया है। इस दौरान 90 हजार यात्री भारत से पश्चिम एशिया गये हैं या वहां से भारत आये हैं।

निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने आज बताया कि उसने 03 मार्च से पश्चिम एशिया के लिए सीमित संख्या में उड़ानें शुरू की थीं। एयरलाइंस ने अबतक संकटग्रस्त क्षेत्र के लिए 165 उड़ानों का परिचालन किया है जिनमें 22 हजार लोगों की आवाजाही हुई है।

एयर इंडिया ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि वह अपनी सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ मिलकर मंगलवार 10 मार्च को सऊदी अरब के जेद्दा के लिए और वहां से कुल 14 उड़ानों का परिचालन करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ओमान के मस्कट के लिए (आने-जाने की मिलाकर) 14 उड़ानों का परिचालन करेगी। इसके अलावा, संयुक्त अरब अमीरात के विभिन्न शहरों से 32 विशेष उड़ानों का परिचालन भी करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित