बेंगलुरु , मार्च 03 -- इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र बंद होने से प्रभावित उड़ान सेवाओं के बीच सोमवार रात अबू धाबी से पहली वाणिज्यिक उड़ान केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी, जिससे फंसे यात्रियों को राहत मिली है।

सैन्य अभियानों के बाद पश्चिम एशिया के बड़े हिस्से में अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया था, जिसके चलते खाड़ी देशों और भारत के बीच कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

हवाई क्षेत्र के चरणबद्ध रूप से खुलने के बाद कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सीमित निकासी और वापसी उड़ानें शुरू की गयीं।

अबू धाबी-बेंगलुरु उड़ान से लौटे यात्रियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि संघर्ष के दौरान स्थिति भयावह थी। एक यात्री ने कहा कि एयरलाइन ने उन्हें होटल में ठहराया, जहां आसपास विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती थीं और मिसाइलों को रोका जा रहा था। उन्होंने कहा कि भारत लौटकर उन्हें राहत मिली है।

एक अन्य यात्री ने बताया कि एतिहाद एयरवेज़ ने रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों के लिए होटल और अन्य सहायता की व्यवस्था की थी और अबू धाबी हवाईअड्डे पर फंसे यात्रियों की देखभाल की।

भारत में प्रमुख विमानन कंपनियों एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट ने मध्य पूर्व के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से स्थगित कर दी थीं। खाड़ी मार्गों पर निर्भर कुछ यूरोपगामी उड़ानें भी प्रभावित हुईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित